बाग्धारा संस्थान के प्रकाशन: किसानों, शोधकर्ताओं और विकास कार्यकर्ताओं के लिए ज्ञान का समृद्ध भंडार
31 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में बाग्धारा संस्थान द्वारा आयोजित "Shaping Community-led Climate Justice Pathways" विषयक कार्यशाला में सहभागी होने का अवसर मिला। कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी सत्रों के साथ-साथ संस्थान द्वारा प्रकाशित अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकों एवं शोध प्रकाशनों को देखने और पढ़ने का भी अवसर प्राप्त हुआ। इन प्रकाशनों में से कुछ प्रतियाँ मैं अपने साथ भी लेकर आया हूँ, जिन्हें पढ़ने की शुरुआत की है।
इन प्रकाशनों का अध्ययन करते हुए यह महसूस हुआ कि बाग्धारा संस्थान ने वर्षों के सामुदायिक अनुभव, शोध और स्थानीय ज्ञान को अत्यंत व्यवस्थित रूप से दस्तावेज़ीकृत किया है। ये प्रकाशन केवल किसानों के लिए ही नहीं, बल्कि कृषि, पोषण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा आदिवासी समुदायों के साथ कार्य करने वाली संस्थाओं, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और नीति-निर्माताओं के लिए भी अत्यंत उपयोगी हैं।
सबसे पहले "प्राकृतिक कीट नियंत्रण से टिकाऊ खेती उत्पादन" पुस्तक का अध्ययन किया। यह पुस्तक प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित कीट नियंत्रण के व्यावहारिक उपायों को सरल भाषा में प्रस्तुत करती है। रासायनिक कृषि पर बढ़ती निर्भरता के बीच यह प्रकाशन टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल खेती को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। किसानों के साथ कार्य करने वाली संस्थाओं के लिए भी यह एक उत्कृष्ट संदर्भ सामग्री है।
दूसरी महत्वपूर्ण पुस्तक "पोषण संवेदी खेती" है। इसमें पोषण आधारित कृषि की अवधारणा, उसके महत्व तथा व्यवहारिक पहलुओं को विस्तार से समझाया गया है। वास्तव में किसानों के पास पारंपरिक ज्ञान का विशाल भंडार होता है, लेकिन विभिन्न राज्यों के सफल अनुभवों का आदान-प्रदान सीखने और नवाचार को बढ़ावा देता है। यदि राजस्थान के इन अनुभवों को छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के किसान समझेंगे, तो वे अपनी परिस्थितियों के अनुसार बेहतर एवं पोषण-केंद्रित खेती की दिशा में नए प्रयोग कर सकेंगे।
"Food Treasure of Tribal Community" शीर्षक प्रकाशन विशेष रूप से आकर्षक लगा। इसमें आदिवासी समुदायों के पारंपरिक खाद्य पदार्थों का पोषण संबंधी वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। आँकड़ों और तथ्यों के माध्यम से यह पुस्तक बताती है कि आदिवासी समाज का पारंपरिक खान-पान केवल सांस्कृतिक विरासत नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पोषण की दृष्टि से भी अत्यंत समृद्ध है। यह प्रकाशन हमें आधुनिक भोजन प्रणाली के साथ-साथ पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नए दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित करता है।
एक अन्य महत्वपूर्ण प्रकाशन "Successful Revival of Traditions of Circular Economy within Farming System among Indigenous Rural Communities" की अभी केवल प्रारंभिक झलक देखने का अवसर मिला है। पहली ही दृष्टि में यह स्पष्ट हो जाता है कि यह ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों की परंपरागत कृषि प्रणालियों, संसाधनों के पुनः उपयोग तथा सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज़ है। इसे विस्तार से पढ़ने की उत्सुकता है।
इसके अतिरिक्त संस्थान के अन्य प्रकाशन भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जिनमें प्रमुख हैं—
Nutritive Analysis of Indigenous Traditional Food Items of Tribal Community
Learning from the Land: Using Indigenous Knowledge for Climate-sensitive Circular Lifestyles
DAL UTSAV: Restoring Tradition, Reviving Swaraj
Jal Swaraj (Water Sovereignty) of the Indigenous Communities for the Larger World
Guardians of Heritage: Tribal Practices in Seed Conservation and Nutritional Sovereignty
इन सभी पुस्तकों के शीर्षक ही यह संकेत देते हैं कि इनमें जल, जंगल, जमीन, बीज संरक्षण, पोषण, पारंपरिक ज्ञान, जलवायु अनुकूल जीवनशैली तथा समुदाय आधारित विकास के गहन अनुभव समाहित हैं। समय निकालकर इन सभी प्रकाशनों का अध्ययन अवश्य करना चाहूँगा।
आज जब कृषि, पोषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियाँ हमारे सामने गंभीर रूप से उपस्थित हैं, तब ऐसे प्रकाशन केवल अध्ययन सामग्री नहीं, बल्कि व्यवहारिक परिवर्तन के मार्गदर्शक हैं। विशेष रूप से वे संस्थाएँ जो किसानों, आदिवासी समुदायों और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही हैं, उनके लिए यह साहित्य अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
बाग्धारा संस्थान का यह प्रयास न केवल स्थानीय ज्ञान को संरक्षित करता है, बल्कि उसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ व्यापक समाज तक पहुँचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य करता है। आशा है कि भविष्य में ऐसे और भी प्रकाशन विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे, ताकि अधिक से अधिक किसान, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता इन अनुभवों से सीख लेकर टिकाऊ, पोषण-संवेदी एवं जलवायु-अनुकूल विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।
No comments:
Post a Comment