दिनांक: 22 सितंबर 2026 | माध्यम: ऑनलाइन
प्रतिभागिता: 6 जिलों से 10 युवा
बैठक का उद्देश्य
“स्वराज के विचारों को कैसे मजबूत करें और संवाद को कैसे प्रभावी बनाएं?” इस विषय को केंद्र में रखते हुए 22 सितंबर 2026 को यूथ चैंपियन–स्वराज संवाद की पहली ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रतिभागियों का परिचय, समूह के उद्देश्य को समझना, स्वराज संवाद की अवधारणा तथा उसमें युवाओं की भूमिका पर चर्चा करना था।
तकनीकी कारणों से बैठक लगभग 30 मिनट की देरी से शुरू हुई, लेकिन सभी प्रतिभागियों ने सक्रियता के साथ चर्चा में भाग लिया।
स्वराज संवाद की अवधारणा
बैठक में अनमोल फाउंडेशन के संजय शर्मा ने बताया कि बग्धरा संस्थान, राजस्थान द्वारा शुरू की गई “स्वराज संवाद” पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों में समुदायों के बीच मौजूद पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय अनुभवों और सकारात्मक स्वैच्छिक प्रयासों को पहचानना, दस्तावेजीकृत करना और साझा मंच पर लाना है।
इसमें विशेष रूप से पारंपरिक कृषि, बीज संरक्षण, मिट्टी एवं जल संरक्षण, स्वास्थ्य, खाद्य प्रणाली, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय आजीविका और प्रकृति-अनुकूल जीवनशैली जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
स्वराज संवाद का उद्देश्य केवल जानकारी एकत्र करना नहीं, बल्कि एक-दूसरे के अनुभवों से सीखना और उपयोगी ज्ञान को व्यवहार में लाना है।
युवाओं की भूमिका
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि युवा इस प्रक्रिया के महत्वपूर्ण वाहक बन सकते हैं। उन्हें—
नेतृत्व विकास
लेखन एवं कहानी लेखन
फोटो एवं वीडियो डॉक्यूमेंटेशन
डिजिटल कम्युनिकेशन
स्थानीय ज्ञान का दस्तावेजीकरण
समुदाय के साथ संवाद
जैसे कौशलों से सशक्त बनाने की आवश्यकता है।
बैठक में युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्र के कार्यों एवं अनुभव साझा किए। इनमें टीबी जागरूकता, आजीविका, अधिकार आधारित कार्य, बकरी एवं मुर्गीपालन, मछलीपालन, वृक्षारोपण, मशरूम उत्पादन और सामुदायिक जागरूकता जैसे प्रयास शामिल थे।
बग्धरा संस्थान का अनुभव
बग्धरा संस्थान के सुदीप शर्मा ने राजस्थान तथा मध्यप्रदेश और गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों में भील समुदाय के साथ संस्था के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि, भूमि सुधार, बीज संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पारंपरिक जीवनशैली से जुड़े प्रयासों के अनुभवों को स्वराज संवाद के माध्यम से व्यापक स्तर पर साझा किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वराज संवाद किसी एक संस्था की यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं, समुदायों और स्वैच्छिक संस्थाओं की साझा यात्रा है।
स्थानीय ज्ञान और बदलता ग्रामीण समाज
चर्चा में गांवों में बढ़ते बाजार प्रभाव, युवाओं के पलायन, पारंपरिक आजीविका एवं खेती के तरीकों में बदलाव तथा स्थानीय ज्ञान के कमजोर पड़ने जैसे मुद्दों पर भी विचार हुआ।
प्रतिभागियों ने माना कि गांवों और आदिवासी समुदायों के पास प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, भोजन, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा महत्वपूर्ण पारंपरिक ज्ञान मौजूद है। इसे पहचानने, संरक्षित करने और नई पीढ़ी से जोड़ने की आवश्यकता है।
स्वराज लर्निंग सिस्टम
बैठक में “स्वराज लर्निंग सिस्टम” नामक वेब पोर्टल की जानकारी भी साझा की गई, जो निर्माणाधीन है। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों से प्राप्त स्थानीय ज्ञान, Best Practices और सकारात्मक कहानियों को एक डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने की योजना है।
आगे की कार्ययोजना
बैठक में निम्न दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी—
प्रत्येक माह ऑनलाइन संवाद आयोजित करना।
प्रत्येक 3 या 6 माह में फिजिकल वर्कशॉप आयोजित करना।
अधिक से अधिक सकारात्मक सोच वाले युवाओं को समूह से जोड़ना।
लेखन, नेतृत्व एवं ऑडियो-वीडियो डॉक्यूमेंटेशन के प्रशिक्षण आयोजित करना।
क्षेत्रीय भ्रमण के माध्यम से समुदायों से सीधे संवाद करना।
स्थानीय ज्ञान एवं Best Practices को दस्तावेजीकृत कर साझा करना।
निष्कर्ष
बैठक में यह महत्वपूर्ण विचार उभरकर सामने आया कि—
“युवा स्वयं जानकारी की खदान में बैठे हैं; जरूरत है उस जानकारी को समझने, संवाद के माध्यम से साझा करने और दस्तावेजीकृत करने की।”
पहली बैठक ने विभिन्न जिलों के युवाओं को एक साझा मंच पर जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत की। सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को आगे बढ़ाने, नए युवाओं को जोड़ने और नियमित संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
स्वराज संवाद की दिशा — स्थानीय ज्ञान से संवाद, संवाद से सीख और सीख से युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक सशक्तिकरण।
उम्मीद है कि यह प्रयास आने वाले समय में गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचेगा।
No comments:
Post a Comment